
जांजगीर चांपा 18 दिसम्बर 2025। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के द्वारा मतदाता सूची को पूर्ण रूप से शुद्ध बनाने के लिए “विशेष गहन पुनरीक्षण 2025” ,(SIR) कार्यक्रम दिनांक 28 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ है। आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम अनुसार गणना पत्र भरने की आज अंतिम तिथि है, जिसके तहत आज सायं 04:00 बजे तक की स्थिति में कैटेगिरी-A (जिस किसी भी मतदाता का नाम वर्ष 2003 एवं 2025 के मतदाता सूची में दर्ज है) में कुल 233709, कैटेगिरी-B(जिस किसी भी मतदाता के माता या पिता का नाम वर्ष 2003 एवं 2025 के मतदाता सूची में दर्ज है) में कुल 376592 तथा कैटेगिरी-C में कुल 29054 मतदाताओं को चिन्हांकित किया गया है। इसी तरह से अनकलेक्टेबल श्रेणी के अंतर्गत मृत्यु के कुल-16237, अनुपस्थित मतदाता के कुल 10295, स्थाई रूप से पलायित के कुल-28569, पूर्व में अन्य स्थान पर पंजीकृत (डुप्लीकेट) के कुल-4452 एवं अन्य के कुल 149 मतदाताओं का चिन्हांकन करने की कार्यवाही पूर्ण की जा चुकी है। उक्त सूची के आधार पर मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन दिनांक 23.12.2025 (मंगलवार) को किया जावेगा।
कैटेगिरी-A एवं B में जोडे गये मतदाताओं को गणना पत्र के साथ वर्ष 2003 में अंकित मतदाता का विवरण के अतिरिक्त किसी भी प्रकार का अन्य दस्तावेज नही लिया गया है। कैटेगिरी-C में चिन्हांकित किये गये मतदाताओं को निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारी के द्वारा दावा-आपत्ति दाखिल करने की अवधि (23.12.2025 से 22.01.2026) में नोटिस जारी किया जाकर आयोग द्वारा जारी विहित 13 दस्तावेजों में से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु कहा जावेगा, तदपश्चात् प्रस्तुत दस्तावेज के आधार पर निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारी के द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़े जाने हेतु अंतिम निर्णय लेते हुए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन दिनांक 21.02.2026 (शनिवार) को किया जावेगा।


