

जांजगीर-चांपा, 06 मार्च / नैला रेलवे फाटक पर वर्षों से लगने वाले जाम और लंबे समय से लंबित रेल ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार को लोगों का आक्रोश सड़कों पर नजर आया। क्षेत्र की जनता, व्यापारी संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने नगर बंद और चक्काजाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस आंदोलन का नेतृत्व जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने किया, जिनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और आम नागरिक भी शामिल हुए।
आंदोलन के तहत नैला के परशुराम चौक में धरना प्रदर्शन शुरू किया गया, वहीं नैला-जांजगीर रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर नगर बंद रखा गया। इस दौरान अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू सहित नैला नगर व्यापारी संघ और कई सामाजिक संगठनों ने आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नैला रेलवे फाटक पर आए दिन लंबा जाम लग जाता है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जाम के कारण मरीज, विद्यार्थी, व्यापारी और रोजाना यात्रा करने वाले लोग घंटों फंसे रहते हैं। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे गंभीर स्थिति पैदा हो जाती है।
आंदोलन के दौरान आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए एंबुलेंस और स्कूल बसों के लिए बायपास मार्ग से आवागमन की व्यवस्था की गई। वहीं स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया। आंदोलनकारियों का कहना है कि यदि जल्द ही ओवरब्रिज निर्माण और अन्य मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।



