

माहवारी जागरूकता एवं समस्या समाधान कार्यशाला का *सृजन एक उम्मीद*,सामाजिक संस्था के द्वारा आयोजित किया गया
नवरात्रि के पावन अवसर पर “सृजन – एक उम्मीद सृजन की” सामाजिक संस्था के तत्वावधान में मातारानी उच्च माध्यमिक विद्यालय, अकलतरी में किशोरी बालिकाओं के लिए “माहवारी जागरूकता एवं समस्या-समाधान कार्यशाला” का आयोजन किया गया। यह आयोजन संस्था की स्थापना के उपरांत आयोजित प्रथम कार्यक्रम रहा, जो समाज में नई आशा और सकारात्मक सृजन की दिशा में एक सशक्त कदम है।
इस अवसर पर विद्यालय की 150 बालिकाओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड का वितरण किया गया, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित किया जा सके।
संस्था की संस्थापिका श्रीमति रजनी सतत्तु साहू ने अपने संबोधन में सृजन संस्था की स्थापना, उद्देश्य एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था का ध्येय समाज में महिलाओं और किशोरियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान की मुख्यधारा से जोड़ना है।
विशिष्ट वक्ता श्रीमति रंजीता चंद्रकांत साहू ने अपने उद्बोधन में धार्मिक और पौराणिक दृष्टांतों के माध्यम से समझाया कि “मासिक धर्म अभिशाप नहीं, बल्कि स्त्री शक्ति का वरदान है”। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर इस विषय पर चर्चा करना माता रानी की शक्ति और स्त्रीत्व के वास्तविक स्वरूप को सम्मान देने जैसा है।
वहीं, डॉ. मंजू राठौर (आयुष चिकित्सा अधिकारी) ने वैज्ञानिक तथ्यों और चिकित्सीय दृष्टिकोण से मासिक धर्म की प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को पोषण, स्वच्छता और मानसिक सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं और उनके संकोच दूर किए।
इस आयोजन में रेनू अग्रवाल, डॉ. नीता सिंह, अनिता, प्रभा साहू, शुष्मिता कश्यप तथा समाजसेवी कुलदीप जायसवाल का विशेष सहयोग रहा, जिनकी सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम और भी सार्थक बना।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री समय लाल साहू ने संस्था परिवार के इस प्रयास की सराहना की और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा देते हैं और किशोरी बालिकाओं को आत्मसम्मान व आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की सभी शिक्षिकाएँ भी उपस्थित रहीं और बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया।
