


प्रेस नोट
संसद और संविधान सदन से मिली लोकतंत्र की प्रेरणा , छत्तीसगढ़ कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड की प्रदेश अध्यक्ष : मनोरमा पाटेकर
नई दिल्ली/छत्तीसगढ़।
छत्तीसगढ़ की धरती पर कांग्रेस की विचारधारा और लोकतांत्रिक मूल्यों को नई ऊर्जा देने का संकल्प लेकर कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड की प्रदेश अध्यक्ष मनोरमा पाटेकर ने हाल ही में भारतीय संसद एवं संविधान सदन का अध्ययन दौरा किया।
यह ऐतिहासिक अवसर उन्हें *इंडियन स्कूल ऑफ डेमोक्रेसी* के प्रतिष्ठित *गुड पालिटिशियन फेलोशिप 2025* के अंतर्गत मिला, जिसमें देशभर के चुनिंदा युवा नेताओं को संसदीय कार्यप्रणाली, संविधान की संरचना और लोकतांत्रिक परंपराओं की गहन समझ से रूबरू कराया गया।
मनोरमा पाटेकर ने इस दौरान पुराने और नए संसद भवन का अवलोकन किया तथा भारतीय संविधान की मूल प्रति के दर्शन किए। उन्होंने इसे जीवन का सर्वोच्च प्रेरणा-स्रोत बताते हुए कहा कि “कांग्रेस की विचारधारा सदैव संविधान की रक्षा और लोकतंत्र की मजबूती के लिए समर्पित रही है। आज इस अध्ययन यात्रा ने मेरे संकल्प को और प्रबल कर दिया है कि मैं संविधानिक मूल्यों और जनसेवा के पथ पर पूरी निष्ठा से आगे बढ़ती रहूँगी।”
उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू सहित कांग्रेस नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि “कांग्रेस ही वह पार्टी है जिसने संविधान की बुनियाद रखी और देश को लोकतांत्रिक परंपराओं का गौरव दिया। आज हमारा कर्तव्य है कि इन मूल्यों को न सिर्फ संरक्षित करें बल्कि युवाओं तक पहुँचाएँ।”
इस अध्ययन यात्रा के दौरान मनोरमा पाटेकर ने अन्य राज्यों से आए युवा नेताओं के साथ मिलकर लोकतांत्रिक संस्थाओं, संसदीय कार्यप्रणाली और जनभागीदारी पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता केवल सत्ता के लिए राजनीति नहीं करते, बल्कि जनता की सेवा और संविधान की रक्षा ही उनका सर्वोच्च ध्येय है।
