
एक ओर रसूखदारों के बड़े-बड़े कब्जे, दूसरी ओर मात्र एक डिसमिल जमीन पर गुजर-बसर करने वाले गरीब परिवार पर दबाव! आखिर गरीबों को न्याय कब मिलेगा
ग्राम सिउड़ निवासी तुषार धीवर बचपन से ही अपनी बुआ श्रीमती विजयकुमारी धीवर के पास रहकर पले-बढ़े हैं। सौतेली मां होने के कारण बचपन से ही बुआ को अपनी मां का दर्जा देते हुए उन्हें मां कहकर पुकारते हैं।तुषार धीवर का विवाह ग्राम धुरकोट में हुआ। शादी के बाद उसके घरेलू सामान को लेकर पारिवारिक परिस्थितियां ऐसी बनीं कि उसे रहने के लिए जगह की आवश्यकता पड़ी। तब उसकी मुंहबोली मां विजयकुमारी धीवर ने उसे अपने पास सिउड़ के छेरकापारा में बुलाया और मानवीय संवेदना दिखाते हुए कहा कि पीछे थोड़ी-सी खाली जमीन पर अपने परिवार के गुजर-बसर के लिए एक-दो कमरे बना लो। भविष्य में शासन की ओर से आवास योजना का लाभ मिलेगा तो उसी जगह अपना पक्का मकान बना लेना।इसी भरोसे पर तुषार धीवर ने कुछ ईंटें मंगवाकर टीन की छत डालकर अपने परिवार के साथ रहना शुरू किया।लेकिन आरोप है कि इसके बाद सोसायटी प्रबंधक राजू साहू, उपसरपंच ठंडाराम एवं धनेश राठौर द्वारा लगातार उस परिवार पर जगह खाली करने का दबाव बनाया जाने लगा। यहां तक कि गरीब एवं बुजुर्ग विजयकुमारी धीवर से 50 हजार रुपये की मांग किए जाने का भी आरोप है। आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई।आरोप है कि सोसायटी प्रबंधक राजू साहू द्वारा जेसीबी मशीन लाकर तुषार के आशियाने को तोड़ने का प्रयास किया गया तथा धमकी दी गई कि ज्यादा बोलोगे तो विजयकुमारी धीवर के बने हुए मकान को भी तोड़ दिया जाएगा।सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि जमीन पर कब्जे का मामला है, तो क्या कार्रवाई केवल गरीब और असहाय परिवार के विरुद्ध ही होगी?
स्थानीय स्तर पर यह भी सवाल उठाया जा रहा है कि जहां अन्य लोगों द्वारा लगभग 50 डिसमिल से लेकर एक एकड़ तक जमीन पर कब्जा किए जाने की बात सामने आती है, वहां उनके विरुद्ध कार्रवाई क्यों नहीं होती? क्या कानून और प्रशासनिक कार्रवाई का पैमाना गरीब और प्रभावशाली लोगों के लिए अलग-अलग है?
आखिरकार टूट गई एक बुजुर्ग महिला की हिम्मत-
अपने आशियाने को उजड़ता देखकर और लगातार दबाव एवं कथित धमकियों से परेशान होकर बुजुर्ग विजयकुमारी धीवर मानसिक रूप से बुरी तरह टूट गईं। बताया जाता है कि उन्होंने निराशा में आकर कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया और अपना जीवन समाप्त करने की बात कही।घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर कार्रवाई रुकवाई गई तथा 112 की सहायता से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।यह घटना केवल एक परिवार की परेशानी नहीं, बल्कि समाज और प्रशासन के सामने खड़ा एक गंभीर मानवीय सवाल है।
सोसायटी की जमीन को लेकर भी उठ रहे सवाल-जानकारी के अनुसार, संबंधित सोसायटी को शासन की ओर से पहले ही अन्य स्थान देखकर सोसायटी को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब सोसायटी को ही दूसरी जगह शिफ्ट करने की प्रक्रिया प्रस्तावित है, तो फिर एक गरीब एवं बेसहारा बुजुर्ग महिला और उसके मुंहबोले बेटे के पीछे इस तरह दबाव बनाने की आवश्यकता क्यों पड़ी?वहीं, विजयकुमारी धीवर की बेटी संगीता धीवर द्वारा संबंधित व्यक्तियों के नामजद शिकायत थाने में किए जाने की बात भी सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।घटना की जानकारी मिलने पर *छत्तीसगढ़ युवा धीवर समाज के निर्देशक भरत लाल धीवर, संस्थापक नवीन धीवर एवं मीडिया प्रभारी देवराम धीवर* ग्राम सिउड़ पहुंचकर पीड़ित बुजुर्ग विजयकुमारी धीवर से मिले, उनका हालचाल जाना तथा परिवार को हरसंभव सहयोग और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
प्रशासन से प्रमुख मांगें -1.पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।2. पीड़ित परिवार की शिकायत पर नामजद व्यक्तियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।3. जेसीबी से मकान तोड़ने के प्रयास एवं कथित धमकियों की जांच कराई जाए 4.विजयकुमारी धीवर एवं तुषार धीवर के परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।5. पीड़ित परिवार को नियमानुसार आवास एवं उचित मुआवजा दिलाने की पहल की जाए।


