

रायगढ़ में भगवान सहस्त्रबाहु चौक मूर्ति अनावरण एवं सम्मान समारोह सम्पन्न
रायगढ़। छत्तीसगढ़ कलार समाज द्वारा रायगढ़ में भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन जी के चौक एवं मूर्ति अनावरण तथा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री माननीय श्री ओ.पी. चौधरी जी एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा स्वजातीय समाज के गौरव माननीय श्री श्याम बिहारी जायसवाल जी मुख्य आतिथ्य के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर समाज की एकजुटता, सामाजिक उत्थान, युवा सहभागिता एवं समाजहित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों का सम्मान किया गया। इसी क्रम में युवा समाजसेवी एवं सिविल इंजीनियर श्री कुलदीप जायसवाल को छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष श्री विजय जायसवाल जी, महाध्यक्ष श्रीमती सरोज डनसेना जी एवं छत्तीसगढ़ फिल्म स्टार दीक्षा जायसवाल जी के करकमलों से सम्मानित किया गया।
श्री कुलदीप जायसवाल लंबे समय से सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। ग्रामीण एवं सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों के साथ वे रक्तदान के प्रति युवाओं को जागरूक करने, जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों को सस्ती अथवा निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य जांच एवं हेल्थ कैम्प आयोजित कराने तथा जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने जैसे जनसेवा के कार्यों में भी सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं।
इसके साथ ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए कैरियर मार्गदर्शन, शिक्षा के प्रति जागरूकता, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का कार्य भी किया जा रहा है। समाजसेवा के इन प्रयासों को समाज के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा सराहा गया।
सम्मान प्राप्त होने पर श्री जायसवाल ने कहा कि, “भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जी के आदर्शों और समाज के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन से समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। रक्तदान, जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, गरीब परिवारों की सहायता तथा युवाओं को शिक्षा एवं कैरियर के क्षेत्र में मार्गदर्शन देना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। यह सम्मान मेरे लिए गौरव के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और अधिक मजबूती से निभाने की प्रेरणा है।”
कार्यक्रम में उपस्थित समाज के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य, रक्तदान, सामाजिक सहयोग, युवा मार्गदर्शन एवं एकता को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
समारोह में बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वजातीय बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने समाज की एकजुटता, सेवा भावना और सामाजिक चेतना का प्रभावशाली संदेश दिया।


