

*श्रीराम त्याग, करुणा और आदर्श जीवन के प्रतीक – राजकुमार साहू*
*चाम्पा के कसेरपारा में आयोजित हो रहा अखंड श्रीराम नाम सप्ताह*
*जांजगीर-चाम्पा।* चाम्पा नगर के हनुमान चौक कसेरपारा में आयोजित अखंड श्रीराम नाम सप्ताह का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। समापन से एक दिन पूर्व जिला पंचायत जांजगीर-चाम्पा के सभापति राजकुमार साहू कार्यक्रम में शामिल हुए और भगवान श्रीरामचंद्र जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किये। इस अवसर पर संबोधन में राजकुमार साहू ने कहा कि भगवान श्रीराम केवल आस्था और श्रद्धा के केंद्र ही नहीं, बल्कि सत्य, मर्यादा, त्याग, करुणा और आदर्श जीवन के प्रतीक हैं। प्रभु श्रीराम ने अपने जीवन के माध्यम से समाज को सत्य के मार्ग पर चलने, माता-पिता का सम्मान करने, अपने कर्तव्यों का पालन करने और विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि श्रीराम नाम का स्मरण मनुष्य के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक शांति का संचार करता है। उन्होंने अखंड श्रीराम नाम सप्ताह के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भक्ति, संस्कार, आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। राम नाम कीर्तन से वातावरण भक्तिमय होने के साथ-साथ नई पीढ़ी को हमारी सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। राजकुमार साहू के साथ छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा वेलफेयर फाउंडेशन के जिला पदाधिकारी गोपाल मित्तल, विनोद तिवारी, अधिवक्ता महावीर सोनी, एल्डरमैन गौतम यादव, सूर्य प्रकाश कंसारी, वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद पति सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने अखंड राम नाम संकीर्तन में शामिल होकर दर्शन लाभ प्राप्त किया। इस दौरान अतिथियों द्वारा कीर्तन मंडली को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन स्थल पर जय श्रीराम के जयघोष और राम नाम संकीर्तन से भक्तिमय वातावरण बना रहा।


