

आंगनबाड़ी केंद्र छोटे बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला – राजकुमार साहू
ग्राम रोगदा में आंगनबाड़ी भवन का सभापति ने किया शुभारंभ
जांजगीर-चाम्पा। जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत रोगदा में बच्चों के बेहतर भविष्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। ग्राम रोगदा में लगभग
12 लाख रुपये की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी भवन का शुभारंभ जिला पंचायत जांजगीर-चाम्पा के सभापति राजकुमार साहू द्वारा किया गया। इस दौरान सम्बोधित करते हुए सभापति राजकुमार साहू ने कहा नवनिर्मित भवन के शुभारंभ से गांव में आंगनबाड़ी सेवाओं के संचालन के लिए बेहतर आधारभूत सुविधा उपलब्ध होगी। इससे स्थानीय बच्चों को सुविधाजनक वातावरण में प्रारंभिक शिक्षा एवं पोषण संबंधी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला माने जाते हैं। इन केंद्रों के माध्यम से छोटे बच्चों को स्कूल पूर्व शिक्षा प्रदान करने के साथ ही उनके पोषण, स्वास्थ्य और शारीरिक एवं मानसिक विकास पर ध्यान दिया जाता है। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित जागरूकता बढ़ाने में भी आंगनबाड़ी केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम रोगदा में लगभग 12 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन का निर्माण होने से केंद्र के संचालन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हुआ है। नए भवन से बच्चों को बैठने, सीखने और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की आधारभूत सुविधाओं का विकास बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस दौरान ग्राम पंचायत सरपंच रमेश कश्यप, परियोजना अधिकारी पंकज शुक्ला,पंच जगदीश साहू, पंच मेला राम कश्यप, पंच भगवानी कश्यप, शिक्षक प्रदीप खरशन, प्रिया अजय, अश्विनी कौशिक, उषा डहरिया सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।


